Saturday, October 31, 2026

824 ..यादों का बैंक

‘यादों का बैंक’ 



शहर में एक नया बैंक खुला—‘यादों का बैंक’। 

यहाँ लोग पैसे नहीं, अपनी यादें जमा करते थे। खुशियों की यादों पर अच्छा ब्याज मिलता था, 
जबकि दु:खद यादें हटाने के लिए लोग फीस देते थे।

एक दिन पचपन वर्षीय अजित वहाँ पहुँचा।
उसने अपनी सबसे प्रिय याद जमा करने का फॉर्म भरा। 
कर्मचारी ने पूछा, “कौन सी याद?”

अजित मुसकराया, “वह दिन, जब मेरा पाँच साल का बेटा
पहली बार साइकिल चलाते हुए गिर पड़ा था। 
रोते-रोते फिर उठा और बोला, ‘पापा, मैं हारूँगा नहीं।”


कर्मचारी चौंका, “इतनी प्यारी याद क्यों जमा करना चाहते हैं? 
इस पर तो आपको अच्छा लाभ मिलेगा।”
अजीत ने धीमे स्वर में कहा, “इसलिए कि मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। 
उसकी याद हर दिन मुझे रुलाती है।”

याद बैंक की मशीन ने स्मृति को उसके मन से निकाल लिया। 
अजित हलका महसूस करने लगा।
कुछ महीनों बाद वह फिर बैंक पहुँचा। इस बार उसके चेहरे पर बेचैनी थी।

“मुझे अपनी जमा की हुई याद वापस चाहिए।” उसने कहा।
“लेकिन क्यों? आपने तो दर्द से छुटकारा पाने के लिए उसे जमा किया था।”
अजित की आँखें भर आईं। “दर्द चला गया, पर उसके साथ मेरा बेटा भी चला गया। 
अब मैं रोता नहीं, लेकिन मुस्कुराता भी नहीं। समझ आया कि 
कुछ दु:ख बोझ नहीं होते, वे हमारे अपनों के आखिरी निशान होते हैं।”
बैंक ने उसकी याद लौटा दी।

बाहर निकलते समय अजित की आँखों में आँसू थे, 
पर होंठों पर मुस्कान भी। उसे पहली बार लगा कि 
हर घाव भर जाना जरूरी नहीं; कुछ घाव हमें इंसान बनाए रखते हैं। 

दु:खद यादें हटाने के लिए लोग फीस देते थे।

आर.के. जैन बड़वानी (म.प्र.) 
बड़वानी (म.प्र.)
दूरभाष : ७९९९२४०३७५    

https://sahityaamrit.in/

Friday, October 30, 2026

823 ..लावारिस लाश,रात और शहर

अनकहा प्रेम ...नितेश मोहन वर्मा



मोटी खाकी वर्दी में
सीलन लगी दीवारों के बीच
चोरों खूनी ,मक्कारों के बीच
हर 15 मिनट में एक सिगरेट सुलगाता है

लगातार बजती टेलीफोन की घंटी
किसी की शिकायत, कभी अफसर की डांट
गाली गलौज, चिल्लम चिल्ली
लावारिस लाश का पंचनामा
नारा लगाते विद्यार्थियें का हंगामा
मन में क्रोध है , द्वेष है
उन्माद भी है

वो और उसका फटफटी
शहर को चीर घर पहुंचते हैं
आटा सनी उंगलियों से पसीने को रोकती
वो बस मुस्कुराती है
और सब थम जाता है
घंटी,  शोर, अफसर

लावारिस लाश,रात और शहर
प्रेम में शब्दों की न अहमियत है , न दरकार


*****
साभार
प्रतिज्ञान
पृष्ठ क्रं. 59

Thursday, October 29, 2026

822 ..पिता को स्वर्ग तभी मिलेगा, जब चरण पादुका दान करोगे

  हृदय-परिवर्तन





मालिक प्रेम ने दिवाली बोनस पर सभी मजदूरों को नई चप्पल दीं। सभी वर्कर अपनी नई चप्पलें बाहर उतारकर, अपने बड़े मालिक की बरसी पर चरण-स्पर्श करने अंदर गए।

तभी प्रेम ने छत से देखा - बाहर एक बारह साल का गरीब बच्चा, काली निकर पहने, उन चप्पलों को ललचाई नज़रों से देख रहा है।

प्रेम नीचे उतरा और आड़े हाथों लेते हुए पूछा - "क्या चाहिए? तुम चोरी करने आए हो?"

वह गरीब बच्चा सहम गया। बोला - "मेरे पिता का श्राद्ध कर्म चल रहा है। 
पंडित जी ने कहा है - पिता को स्वर्ग तभी मिलेगा, जब चरणपादुका दान करोगे।"

फिर धीरे से बोला - "ये सारी चप्पलें नई दिख रही हैं। इसमें से एक जोड़ी ले जाऊँगा, यहाँ पता ही नहीं चलेगा... एक जोड़ी चले जाने पर क्या फर्क पड़ेगा?"

कहकर उसने मुट्ठी में बंधे कुछ सिक्के प्रेम की ओर बढ़ा दिए और अवाक नज़रों से देखने लगा।
प्रेम सन्न रह गया।

सोचने लगा - पिता जी कंजूस आदत से जीते जी नेक काम, दान-पुण्य कभी किया ही नहीं। 
मैंने भी इस बच्चे को कितनी खरी-खोटी सुना दी। और इसने तो...
उसने तो मेरा हृदय-परिवर्तन कर दिया।

श्रीमती अनिता शरद झा, रायपुर  

Wednesday, October 28, 2026

821 ...विशुद्ध इंसान कब बना, मालूम नहीं

 देहदान  ..सुबोध कुमार सिन्हा


तमाम उम्र ता उम्र, मैं हैरान, परेशान, हलकान सा,
तो कभी लहूलुहान बना रहा

हो मानो जैसे,मुसलमानों के हाथ में गीता
कभी हिन्दुओं के हाथ में कुरआन बना रहा

ज़िंदगी भर हममें से कोई हिंदू बना रहा
तो कोई सिक्ख या इसाई तो कोई मुसलमान बना रहा.

विशुद्ध इंसान कब बना, मालूम नहीं
मरा तो कोई श्मशान,तो कोई कब्रिस्तान चला गया

क्यों न मर कर,हम सभी महज़ इंसान बने और
करते रहें निज मृत देह का प्रबुद्ध देहदान सर्वदा

क्षमा करें
करें मृत देह का अंग-अंग साझा सर्वदा

लेखन दिनचर्या मे शामिल

Tuesday, October 27, 2026

820 ..अपनी परछाई में अपने जख्मों के लिए

 आईने का सच.. मीनल गुप्ता



दर्पण नाम है, उसका
अक्सर उससे वह
मिला करती है
लाखों सवाल 
किया करती है

अपने अतीत की गलियों 
के राग सुनाया करती है
कभी बालों का चुन्नटों 
तो कभी माथे का शिकन को
अपने पंखों से सहला कर 

तो कभी आँखें मिलाकर
अपनी परछाई में
अपने जख्मों के लिए
एक सुकून का
सहारा ढूंढकर
- मीनल
अकादमिक लेखन
अनकही पृष्ठ क्रं.28
प्रतिज्ञान से

Monday, October 26, 2026

819 ...वक्त हर ज़ख्म भर देता है

विरासत

वो जो कहते हैं
वक्त हर ज़ख्म भर देता है

उन्होंने उन सब निशानों को शायद
कभी गौर से देखा ही नहीं

जो बातें लबों तक रुक गई आकर
वही आज हमारे घरों के दीवारों में
सीलन बन कर खडी है

-पूजा कौशिक
कथाकार  और मीडिया पेशेवर
अनकही पृ. क्र.12

Friday, October 23, 2026

817 ..भाई इधर तुम्हारे गार्डन में झूले पे बैठा हूँ



अचानक आधी रात को घर की बेल बजी... बाहर आँधी तूफ़ान और तेज़ बारिश हो रहीं थी .... 

पत्नी घबराकर उठी और पति को जगाया "उठो देखो आधी रात को कौन बेल बजा रहा है " 
पति ने घबराते हुए दरवाज़ा खोला,

बाहर एक शराबी खड़ा था.. वो लड़खड़ाई आवाज़ में बोला .. 
"भा ऽऽऽऽ ई साहब आऽऽप की मदद चाहिए थी.. क्या आप धक्का लगा सकते है ?" 
पति को गुस्सा आया और बोला "ख़बरदार जो दोबारा बेल बजायी 
" कह कर ज़ोर से दरवाज़ा बन्द कर बेड पर वापस आ गया....
पत्नी ने पूछा "कौन था ??"... 

"था कोई शराबी साला..उसकी गाड़ी ख़राब हो गयी थी शायद, 
धक्का लगाने को बोल रहा था " 
"तो तुमने लगा दिया " पत्नी ने पूछा.. 
"तुम्हारा दिमाग ख़राब हो गया है, बाहर इतना आंधी-तूफ़ान, बारिश और घनघोर अंधेरा है और 
तुम चाहती हो रात के तीन बजे मै एक शराबी की मदद करूं".. 

"शराबी भी इंसान होते है, बेचारे ने बड़ी उम्मीद से बेल बजायी होगी... 
उसे तुम्हारे रूप में भगवान नजर आ रहे होंगे.. 
उसके बीवी बच्चे घर पर उसका इंतज़ार कर रहे होंगे, 
तुम्हें उसकी मदद करनी चाहिये" पत्नी ने समझाया.. 

पत्नी के समझाने पर पति दोबारा बाहर गया.. 
तब तक अंधेरा और गहरा हो गया था, बारिश और तेज हो चुकी थी, 
कुछ नजर नहीं आ रहा था .. 

" भाई तुम अभी भी यहाँ हो, तुम्हें अभी भी मदद चाहिये?" पति ने ज़ोर से आवाज़ लगायी..
 दूसरी तरफ़ से शराबी ने भी ज़ोर से उम्मीद भरी आवाज़ में "हाँ" बोला ..
." पर तुम हो कहाँ, नज़र नही आ रहे".. पति फिर चिल्लाया .. 


दूसरी तरफ़ आवाज़ आयी ..
" भाई इधर तुम्हारे गार्डन में झूले पे बैठा हूँ, 
प्लीज़ थोड़ा धक्का लगा दो " ।

Monday, October 5, 2026

816 दवा जो किस्मत ने बनाई


 एक वैद्य इतना माना हुआ था कि जैसे ही लोगों की नाड़ी पर हाथ रखता दवाईयां भी जैसे बोल पड़ती हों कि इसका इलाज मैं करूंगी। बहुत दूर दूर से लोग दवाइयां लेने आते थे और भगवान की ऐसी कृपा थी कि जो भी आता ठीक होकर ही जाता।

एक बार वैद्य की लड़की का पति यानी उसका दामाद बीमार हो गया। उसने आस-पास से बहुत इलाज करवाया लेकिन ठीक न हुआ हालत बिगड़ती चली गई। आसपास के लोगों ने कहा कि भाई क्यों मुफ्त में जान दे रहा है तेरा ससुर इतना बड़ा वैद्य है तू उसके पास जा।

दूर के आना जाना हुआ करता था तो उसे आने में ही 5–7 दिन लगा दिए, उसके वैद्य ससुर ने कहा कि बेटा बहुत समय लगा दिया तुम पहले क्यों नहीं आए अब तक तो ठीक हो चुके होते। खैर वैद्य ने उसकी नाड़ी पर हाथ रखा और मायूस हो गया।

पास बैठी उसकी बेटी ने कहा कि बापू आपका चेहरा तो बीमार आदमी को देखते ही खिल उठता था कि मैं इसे ठीक कर दूंगा, लेकिन आज आप ही मायूस हो गए हैं ? वैद्य ने कहा बेटी इसकी दवाई बन ही नहीं सकती ये ज्यादा से ज्यादा एक हफ्ते में गुजर जाएगा। बेटी ने कहा कि आपका इतना बड़ा दवाखाना दवाओं से भरा हुआ है और आप कहते हैं कि इसकी दवा बन ही नहीं सकती?

वैद्य का दामाद ये बात सुनकर दुखी हो गया उसे पहले ही रोग से बहुत अधिक पीड़ा थी, अब ससुर की बात सुनकर यकीन हो गया कि मेरी मृत्यु निश्चित है। तभी उसने कहा कि जी मैं अपने ठिकाने पर ही मरना चाहता हूं अतः मुझे इजाज़त दें वह उठा और जैसे ही गांव की सीमा पर पहुंचा तो तेज बारिश शुरु हो गई उसने आस-पास देखा कि बारिश से कैसे बचें? तभी सामने श्मशान घाट नजर आया।

बचाव हेतु वह श्मशान में घुस गया और आड लेकर एक तरफ खड़ा हो गया, तभी उसे सामने पड़ी मुर्दे की खोपड़ी नजर आई एकाएक एक कोबरा सांप खोपड़ी के पास आया और खोपड़ी में अपना जहर उगल दिया। वैध के दामाद ने सोचा कि अब मेरा इलाज तो हो नहीं सकता इसलिए इस खोपड़ी में मौजूद जहर को पी लेता हूं इस कष्टदायक असहनीय पीड़ा से छुटकारा मिलेगा।
ऐसा सोचकर उसने वह खोपड़ी उठाई और पी गया, लेकिन वह मरने की बजाय ठीक होने लगा कुछ ही क्षणों में उसकी पीड़ा जाती रही और आनंद महसूस होने लगा। तब तक बारिश भी बंद हो चुकी थी वह जिससे चला भी नहीं जाता था दौड़ते हुए अपने ससुराल वापस पहुंचा।
अपने ससुर को लक्ष्य करके कहने लगा कि आप कहते थे कि मेरी दवा बन ही नहीं सकती जबकि देखिए मैं बिल्कुल ठीक हो गया हूं। 

वैद्य ने उसकी नाड़ी पर हाथ रखा और कहा कि तुम्हारी एक ही दवा थी-
मुर्दे की खोपड़ी हो उसमें कोबरा सांप का जहर डाला जाए और फिर उसमें एक नक्षत्र की बूंद गिरे फिर तुम उसे पियो। लेकिन मैं मुर्दे की खोपड़ी ले आता कोबरा सांप का जहर भी ले आता, लेकिन 12 वर्ष में महज एक बार गिरने वाली नक्षत्र की बूंद कहां से लाता?
ससुर की बात सुनकर दामाद ने कहा कि हां मुर्दे की खोपड़ी थी उसमें कोबरा ने जहर उगला था और मैं उसे पीकर मरना चाहता था लेकिन ठीक हो गया लेकिन नक्षत्र की बूंद उसमें गिरी या नहीं मुझे नहीं मालूम, मगर उस समय बारिश अवश्य हो रही थी।

उस दिन के बाद उस वैद्य ने अपनी दवाखाने की दीवार पर एक पंक्ति लिखवा दी कि
वैद्य इलाज करता है, दवा अपना काम करती है, लेकिन जीवन और मृत्यु का फैसला किसी और के हाथ में है।