एक सवाल ....
“पापा आ गए!...”
वह टीवी पर चल रहा अपना पसंदीदा कार्टून बीच में ही छोड़ कमरे से निकल कर
बाहर बरामदे की ओर भागा।
उससे लगभग तीन साल बड़ी उसकी बहन जो उसके साथ ही कमरे में बिस्तर पर बैठकर कार्टून देख रही थी हमेशा की तरह वह भी उसके पीछे भागी।असल में पिता के द्वारा एक
खास अंदाज में घर के मुख्य द्वार की कुंडी खोलने की आवाज को वह पहचानता था और शाम के वक्त यही उसके पिता के दफ्तर से लौटने का वक़्त भी तो होता था!
इसलिए मुख्य द्वार पर इस वक्त हल्की सी आहट होते ही उसके कान खड़े हो जाते थे और हर रोज की तरह आज भी वही हुआ!
पिता दफ्तर से लौट आए थे और इंतजार में बैठे बच्चों को गले लगा पुचकारने के बाद
दफ्तर का बैग एक ओर रख एक नजर रसोई की ओर झांक हाथ मुंह धोने के लिए
गुसलखाने की ओर बढ़ गए थे।
दोनों बच्चे एक बार फिर से वापस उसी कमरे में पहुंच गए थे जहां
सामने टीवी पर उनका पसंदीदा कार्टून प्रोग्राम चल रहा था।
इधर बड़ी बहन उछल कर बिस्तर पर बैठ एक बार फिर से टीवी पर चल रहे
अपने पसंदीदा प्रोग्राम को देखने में व्यस्त हो गई थी।
लेकिन लगभग चार वर्ष का उसका छोटा भाई कुछ सोचते हुए उस कमरे से
निकल कर रसोई की ओर मुड़ गया था।
इधर रसोई में कोई खास व्यंजन तैयार करने में व्यस्त माँ की नजर अचानक
अपने बेटे पर पड़ी तो वह धीरे से मुस्कुराई…
“कुछ चाहिए?...”
अपना सिर ‘ना’ में हिला वह अपनी मां के चेहरे की मुस्कान की गहराई को
पढ़ने की कोशिश करता अचानक अपनी मां से एक सवाल पूछ बैठा…
“मांँ! तुम पापा से गुस्सा हो?”
बच्चे के मुंह से अचानक यह सवाल सुनकर माँ चौंक गई…
“नहीं तो!...”
“तो आप पापा से मिलने क्यों नहीं आई?”
हर रोज अपने पति के दफ्तर से वापस आने की आहट पाकर चेहरे पर मुस्कान लिए
अपने दोनों बच्चों के पीछे-पीछे बरामदे तक आने वाली मां मासूम बेटे के मुंह से यह सवाल सुनकर समझ गई कि रसोई की व्यस्तता में उसने आज बरसों पुरानी अपनी जिस आदत को अनजाने में ही नजरअंदाज किया है बेटे ने उसकी आदत में अचानक आए उस बदलाव को बारीकी से पकड़ लिया है।
पुष्पा कुमारी ‘पुष्प'
पुणे (महाराष्ट्र)
17/11/26


आपकी लिखी रचना "पांच लिंकों के आनन्द में सोमवार 30 नवंबर, 2026 को लिंक की जाएगी .... http://halchalwith5links.blogspot.in पर आप भी आइएगा ... धन्यवाद!
ReplyDelete